मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान कुछ जिलों में तेज से भारी बारिश के साथ गरज-चमक, आंधी और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र और उससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण बारिश की गतिविधियों को बढ़ा रहा है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास बना सिस्टम अब उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर सक्रिय है। इसके साथ ऊपरी वायुमंडल तक फैला चक्रवाती परिसंचरण और मानसून ट्रफ भी प्रदेश में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बना रहे हैं।
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
डिंडोरी, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ में तेज से भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने को लेकर भी मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है। पांढुर्णा में भी मौसम खराब रहने के आसार हैं।
कई जिलों में आंधी-बारिश का अनुमान
भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, आलीराजपुर, झाबुआ, धार और इंदौर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
इसके अलावा रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुर में भी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
बारिश से तापमान में गिरावट
लगातार बारिश और बादलों के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार ग्वालियर में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शिवपुरी में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने से तापमान में और गिरावट या उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।


