डुमना एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हैदराबाद से जबलपुर होकर इंदौर जाने वाली इंडिगो की नियमित फ्लाइट में अचानक तकनीकी खराबी सामने आ गई। विमान हैदराबाद से तय समय पर जबलपुर पहुंच गया था और सुबह 9:20 बजे इंदौर के लिए उड़ान भरने वाली थी, लेकिन बोर्डिंग से ठीक पहले तकनीकी समस्या के कारण फ्लाइट रद्द कर दी गई।
अचानक उड़ान निरस्त होने से यात्रियों में नाराजगी फैल गई। कई यात्रियों ने टर्मिनल पर एयरलाइन प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताते हुए हंगामा किया।
बोर्डिंग से पहले सामने आई तकनीकी खराबी
विमान के डुमना एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद इंदौर जाने वाले यात्रियों का सामान लगेज कंपार्टमेंट में लोड किया जा चुका था। बोर्डिंग शुरू होने से ठीक पहले तकनीकी टीम ने विमान की प्रणाली में खराबी की पहचान की।
सुरक्षा मानकों को देखते हुए पायलट और तकनीकी विशेषज्ञों ने उड़ान संचालित नहीं करने का फैसला लिया। इसके बाद यात्रियों को फ्लाइट रद्द होने की जानकारी दी गई।
सामान वापस लेने के लिए यात्रियों को करना पड़ा इंतजार
फ्लाइट कैंसिल होने के बाद यात्रियों की सबसे बड़ी परेशानी उनका सामान वापस लेने को लेकर रही। चूंकि लगेज पहले ही विमान में लोड किया जा चुका था, इसलिए यात्रियों को अपना सामान वापस लेने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
कई यात्रियों ने बताया कि अचानक फ्लाइट रद्द होने से उनकी आगे की यात्रा की पूरी योजना प्रभावित हो गई। कुछ यात्रियों को जरूरी बैठकों, परीक्षाओं और पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल होना था। फ्लाइट रद्द होने के बाद उन्हें वैकल्पिक साधनों से इंदौर पहुंचने की व्यवस्था करनी पड़ी।
कुछ यात्रियों को दिल्ली के रास्ते भेजने का विकल्प
यात्रियों के बढ़ते विरोध को देखते हुए एयरलाइन की ओर से वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था करने की कोशिश की गई। कुछ यात्रियों को कनेक्टिंग रूट के जरिए दिल्ली होते हुए इंदौर भेजने का विकल्प दिया गया।
वहीं, कई यात्रियों ने वैकल्पिक यात्रा करने के बजाय टिकट का पूरा रिफंड लेने का फैसला किया। यात्रियों का आरोप था कि उड़ान रद्द होने की जानकारी उन्हें समय पर और स्पष्ट तरीके से नहीं दी गई, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ा।
फिलहाल तकनीकी खराबी के कारण फ्लाइट रद्द किए जाने के बाद एयरलाइन की ओर से यात्रियों के लिए किए गए वैकल्पिक इंतजाम को लेकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया गया।